Live

रेंजर रामबाबू का तुगलकी फरमान

वाइल्ड लाइफ एरिया से गुजर रही भरी स्कूली वैन को रोका, बच्चों को घंटो धूप में खड़ा रहना पड़ा

A
Akanksha Kumariलेखक

कोडरमा:- कोडरमा में वाइल्ड लाइफ फारेस्ट के रेंजर राम बाबू के तुगलकी फरमान के कारण आदिम जनजाति के दर्जनो स्कूली बच्चों को घंटों धूप में खड़े रहना पड़ा। रेंजर ने वाइल्ड लाइफ एरिया होकर गुजरने वाले स्कूल वैन को जप्त कर लिया,जिसके कारण आज बच्चे शिक्षा के अधिकार से भी वंचित रह गए।

कोडरमा के वाइल्ड लाइफ फॉरेस्ट कार्यालय के बाहर खड़े ये स्कूली बच्चे कोडरमा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 फुलवरिया और डुमरियाटांड़ के बच्चे हैं। इन बच्चों को जिस वक्त अपने स्कूल में पढ़ाई लिखाई में मशगूल होना चाहिए था,उस वक्त ये बच्चे अपने स्कूल वैन को छुड़ाने की फरियाद लिए घण्टो धूप में इस कार्यालय के बाहर खड़े हैं। वजह यह है कि इन बच्चों को स्कूल तक लाने ले जाने वाले स्कूल वैन को रेंजर ने जब्त कर लिया है और आगे से वन क्षेत्र में प्रवेश करने से प्रतिबंधित कर दिया है।

फुलवरिया और डुमरियाटांड़ गांव घनघोर जंगल के बीच अवस्थित है और यह दोनों गांव नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक का हिस्सा होने के साथ-साथ इन गांव में जाने वाला रास्ता वाइल्ड लाइफ क्षेत्र से होकर गुजरता है। वाइल्डलाइफ क्षेत्र होने के कारण इस गांव तक पहुंचने के लिए न तो सड़क है और न ही गांव में बिजली पानी की सुविधा। साथ ही इन गांवों में सैकड़ों आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय के लोग निवास करते हैं और असुविधाओं के बीच बच्चों को पढ़ाने लिखाने की चाहत रखने वाले ये अभिभावक भी रेंजर के तुगलकी फरमान से नाराज हैं और आज बच्चों के स्कूल वैन को रोके जाने से इनका गुस्सा इनके जुबान पर साफ झलक रहा है।

स्कूली बच्चों के अभिभावकों का गुस्सा लाजमी है,लेकिन स्कूल वैन को रोके जाने के बाबत रेंजर राम बाबू के पास कोई जवाब नहीं है। पहले तो पूछे जाने पर उन्होंने कुछ भी कहने से साफ मना कर दिया,लेकिन जब कुछ कहा भी तो बच्चों को रोके जाने के सवाल पर माकूल जवाब रेंजर साहब नहीं दे पाए। सुनिए रेंजर रामबाबू ने क्या कहा।

जिस वन क्षेत्र में आने जाने के लिए स्कूल वैन को रोका गया,उस रास्ते पत्थर से लेकर माईका की कई गाड़ियां अवैध रूप से आती जाती है। ऐसे में सवाल उठता है जंगली जानवरों का भविष्य बचाने की बात कहकर इन मासूमों के भविष्य से खिलवाड़ करने के लिए रेंजर साहब तुगलकी फरमान कैसे जारी कर दिया।




इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें