चतरा : रेल परियोजना को लेकर सांसद कालीचरण सिंह बोले-धरातल पर उतरेगी योजना
चतरा: जिले में रेल परियोजना को लेकर सांसद कालीचरण सिंह ने अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है. उन्होंने कहा कि चतरा के लोगों का लगभग 75 वर्षों पुराना रेल संपर्क का सपना अब साकार होने जा रहा है. केंद्र सरकार द्वारा पारित-चतरा नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद जिले के विकास की नई राह खुल गई है.
सांसद ने कहा कि यह परियोजना जल्द ही धरातल पर उतरती दिखाई देगी. संबंधित विभागों द्वारा प्रारंभिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं और आने वाले समय में भूमि अधिग्रहण सहित अन्य कार्यों में तेजी लाई जाएगी. उन्होंने कहा कि रेल लाइन बनने से चतरा जिले को यातायात, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिलेगा.
उन्होंने बताया कि जिले में कोयला, कृषि और अन्य संसाधनों के परिवहन में आसानी होगी, जिससे स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे. सांसद ने कहा कि वर्षों से रेल सुविधा की मांग कर रहे लोगों के लिए यह किसी सौगात से कम नहीं है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जनता के लंबे संघर्ष और समर्थन का परिणाम है. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि चतरा के समग्र विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आने वाले समय में जिले को कई अन्य विकास योजनाओं की सौगात भी मिलेगी.