एक्शन में झारखंड पुलिस : दलमा क्षेत्र में सक्रिय रहे माओवादी असीम मंडल के दोबारा लौटने की सूचना पर तलाश तेज
रांची:झारखंड में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान अब उस मोड़ पर पहुंच गया है,जहां पुलिस की नजर एक करोड़ के इनामी माओवादी असीम मंडल पर टिकी है. लंबे समय तक दलमा क्षेत्र में सक्रिय रहे असीम मंडल के दोबारा इस इलाके में लौटने की सूचना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है.
जंगलों में अभियान चलाने के साथ-साथ अब पुलिस गांवों में भी पहुंच रही है. दलमा क्षेत्र में पुलिसकर्मी घर-घर जाकर ग्रामीणों को असीम मंडल और उसके साथियों की तस्वीरें दिखा रहे हैं और उनकी मौजूदगी और आवाजाही के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं. वहीं, ग्रामीणों ने भी पुलिस को भरोसा दिलाया है कि वह अब दोबारा इस इलाके को नक्सलियों का घर नहीं बनने देंगे.
सबसे अहम बात यह है कि इस बार भले ही इलाके में असीम मंडल और उसके कुछ साथी छिपने में कामयाब हो गए हो,लेकिन वह इलाके में ज्यादा दिन तक ठहर नहीं पाएंगे. ग्रामीणों ने पुलिस के सामने यह शपथ लिया है कि वह अब दोबारा इस इलाके में नक्सलवाद को पनपने नहीं देंगे.