स्वतंत्रता सेनानी को विस अध्यक्ष ने किया नमन : पंडित राजकुमार शुक्ल की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, जानें क्या कुछ कहा

Edited By:  |
swatantrata senani ko vis adhyaksh ne kiya naman swatantrata senani ko vis adhyaksh ne kiya naman

पटना : स्वतंत्रता सेनानी पंडित राजकुमार शुक्ल की 93वीं पुण्यतिथि पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। वहीँ राजकुमार शुक्ल को याद करते हुए कहा कि पंडित शुक्ल माँ भारती के सच्चे सपूत और किसानों के हितैषी थे।

विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने आगे कहा कि उन्होंने किसानों के हित के लिये अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। वह चंपारण सत्याग्रह के असल सूत्रधार और प्रणेता थे। उनके असाधारण संकल्प और निश्छल व्यक्तित्व से प्रभावित होकर महात्मा गाँधी चंपारण आने को मजबूर हुए थे और वह जब चंपारण आये, तब वहाँ किसानों की दुर्दशा से प्रभावित होकर चंपारण सत्याग्रह किया, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन की दिशा ही बदल डाली। इस बात को महात्मा गाँधी ने अपनी आत्मकथा में खुद स्वीकार किया है।

आजादी की लड़ाई में पंडित राजकुमार शुक्ल के असाधारण योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। वह हमारी समृद्ध विरासत हैं। उनके व्यक्तित्व और संघर्ष गाथा से नई पीढ़ी को अवगत कराना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। ऐसे महापुरूष के गुणों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

वहीँ मौके पर बिहार विधानसभा के सचिव शैलेन्द्र सिंह, संयुक्त सचिव पवन कुमार पाण्डेय सहित सभा सचिवालय के अन्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पंडित जी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।


Copy