मार्क बाउचर होंगे मुंबई इंडियंस के हेड कोच : महेला जयवर्धने की लेंगे जगह, IPL 2023 से संभालेंगे जिम्मेदारी

Edited By:  |
mark baucher honge mumbai indians ke head coach mark baucher honge mumbai indians ke head coach

मुंबई : मुंबई इंडियंस ने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी और दुनिया भर में अपनी विकेटकीपिंग के लिए प्रसिद्ध मार्क बाउचर को अपना हेड कोच नियुक्त किया है। बाउचर ने हाल ही में साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम की कोचिंग टी 20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद छोड़ने का फैसला किया था। बाउचर महेला जयवर्धने की जगह लेंगे जिन्हें टीम ने हाल ही में अपना ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस नियुक्त किया है। वहीँ जानकारी मिल रही है कि मार्क बाउचर IPL 2023 से जिम्मेदारी संभालेंगे।

मार्क बाउचर का विकेट-कीपर, बल्लेबाज के रूप में एक लंबा और शानदार करियर रहा है। एक विकेट-कीपर के तौर पर, टेस्ट में उनके नाम सबसे अधिक आउट करने का रिकॉर्ड है। रिटायरमेंट के बाद वे दक्षिण अफ्रीका में शीर्ष स्तर की एक क्रिकेट फ्रेंचाइजी ‘टाइटन्स’ के कोच के रूप में काम कर रहे थे। उनके कोच रहते टीम ने पांच घरेलू खिताब जीते। 2019 में दक्षिण अफ्रीका ने मार्क बाउचर को हेड कोच बनाया, जहां उनके नेतृत्व में टीम ने 11 टेस्ट, 12 एकदिवसीय मैचों और 23 T20 मैचों में जीत हासिल की।

आकाश एम. अंबानी, चेयरमैन, रिलायंस जियो इन्फोकॉम ने कहा, "मुंबई इंडियंस में मार्क बाउचर का स्वागत करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। मैदान पर उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और एक कोच के रूप में उन्होंने अपनी टीम को कई जीत दिलाई हैं, मार्क एमआई के ब्रांड और विरासत को आगे बढ़ाएंगे।”

मार्क बाउचर, हेड कोच, मुंबई इंडियंस ने कहा, “मुंबई इंडियंस के हेड कोच के रूप में नियुक्त होना एक सम्मान और सौभाग्य की बात है। मुंबई इंडियंस की उपलब्धियों ने इसे दुनिया भर के खेलों में, एक सफल फ्रेंचाइजी की तरह स्थापित कर दिया है। मैं आने वाली हर चुनौती के लिए तैयार हूं। मुंबई इंडियंस, नेतृत्व और खिलाड़ियों की एक मजबूत यूनिट है और मैं इस यूनिट में अपना योददान देने को तैयार हूं।"


Copy