राष्ट्रीय पार्टी बनाने की जद्दोजहद : जेडीयू का स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान का शुभारंभ...

Edited By:  |
Reported By:
JDU JDU

पटना। बिहार प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में आज पूरे बिहार में जेडीयू के स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान शुरु हुआ। पटना स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस अभियान का शुरु किया, जहां बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों ने उन्हें अपने-अपने योगदान का चेक सौंपा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधान पार्षद एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ, राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह, मुख्यालय महासचिव मृत्युन्जय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही सभी जिलों में भी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं जिला संग्रह प्रभारी की उपस्थिति में इस अभियान का शुभारंभ हुआ। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का खास ध्यान रखा गया।

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस मौके पर कहा कि पूरे बिहार में दल ने इस अभियान को लेकर जो उत्साह दिखाया है,उससे मैं अभिभूत हूँ। हम सबके नेता नीतीश कुमार के नेतृत्व में जेडीयू ने न्याय के साथ विकास को संभव करके दिखाया है। हमारे नेता ने बिहार का पुराना गौरव लौटाया है। जदयू के सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व बनता है कि अपने नेता और अपनी पार्टी को मजबूती प्रदान करें।

उमेश कुशवाहा ने कहा कि पार्टी के विस्तार एवं मजबूती प्रदान करने के लिए जरूरी है कि पार्टी आर्थिक रूप से भी सुदृढ़ हो। हमें जदयू को राष्ट्रीय पार्टी बनाना है। इन लक्ष्यों को ध्यान में रखकर हमने वरिष्ठ नेताओं एवं समर्पित साथियों को विशेष प्रभार दिया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि इस अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिलेगी।


Copy