IPS अफसर ने संवारा दुल्हन का सपना : 15 घंटे में 30 लाख जुटा करा दी शादी, जानिए क्या हुआ था हादसा

Edited By:  |
IPS officer ne sanwara dulhan ka sapna IPS officer ne sanwara dulhan ka sapna

DESK : एक IPS अफसर ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए इतिहास रच दिया। हालाँकि एक पुलिस अधिकारी के जिम्मे सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की जिम्मेवारी होती है लेकिन इससे हटकर सामाजिक सरोकारों के प्रति भी कुछ भूमिका होती है। बिलकुल इसी भूमिका को निभाते हुए ASP साहब ने नई नजीर पेश की है।

दरअसल एक लड़की की शादी से एक दिन पहले उसके घर में आग लग गई। जिसमें घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। साथ ही उसके शादी के सपने भी उसी आग की भेट चढ़ गए। अब ऐसे में एक पुलिस अधिकारी लड़की की सहायता के लिए आगे आये और सोशल मीडिया के जरिए पैसे जुटाकर उसकी शादी करवा दी।

मामला राजस्थान के दौसा इलाके का बताया जा रहा है जहां 17 मई को एक लड़की की शादी थी और एक दिन पहले ही उसके घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। शादी का सारा सामान और घर का बाकी सामान भी जलकर राख हो गया। बता दें कि लड़की के पिता की 7 साल पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी है। उसकी मां अकेले ही बेटी व दो बेटों का पालन कर रही है।

हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके के एएसपी हेमेंद्र मीना ने इस परिवार की मदद करने का बीड़ा उठा लिया। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों से पूरी स्थिति साझा कर आर्थिक मदद करने की अपील की। पुलिस अधिकारी की अपील पर लोगों ने इस परिवार की दिल खोलकर आर्थिक सहायता की।

ASP की अपील पर पीड़ित परिवार के लिए महज 15 घंटे में 30 लाख रुपये इकट्ठे हो गए। इसके बाद तय समय पर लड़की की शादी कराई गई। शादी में हुए खर्च के बाद जो पैसे बचे हैं उनसे लड़की की मां अपना घर भी बनवा सकेगी। पुलिस अधिकारी के इस नेक काम के बाद लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।


Copy