झारखंड का मांडर उप चुनाव : बीजेपी ने झोंकी पूरी ताकत..अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, अन्नपूर्णा देवी, दीपक प्रकाश कर रहे धुआंधार प्रचार

Edited By:  |
Reported By:
ELECTION ELECTION

रांची- झारखंड में मांडर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। बंधु तिर्की के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर बीजेपी और कांग्रेस-जेएमएम के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव 23 जून को होने हैं। ऐसे में सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।इस सीट पर कांग्रेस के बंधु तिर्की विधायक थे। लेकिन आय से अधिक मामले में कोर्ट से सजायाफ्ता होने के बाद उनकी विधायकी चली गयी और उन्हें इस्तीफा देना पडा। उप चुनाव में बीजेपी ने जहां गंगोत्री कुजूर को कैंडिडेट बनाया है तो कांग्रेस- जेएमएम गठबंधन ने बंधु तिर्की की बेटी नेहा तिर्की को कैडिंडेट बनाया है।

बीजेपी ने इस सीट को अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। यही काकरण है कि मांडर सीट को जीतने के लिए बीजेपी ने प्रदेश के सभी शीर्ष नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए उतार दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी प्रचार में उतरे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि भविष्य का भारत आत्मनिर्भर, सुसंगठित और समावेशी तरीके से एक परिवार की तरह रहने के संकल्प के साथ आगे बढे उस दिशा में नरेंद्र मोदी सरकार ने प्रतिबद्ध होकर पिछले 8 वर्षों में काम किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कश्मीर से कन्याकुमारी को एक संगठित रुप में हर जन को जोड़ने का प्रयास किया है और उसी कड़ी में सेवा, सुशासन एवं कल्याण के प्रारंभ में हीं मोदी सरकार ने को गरीबों को समर्पित रहते हुए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आम जनमानस के जीवन परिवर्तन लाने का काम किया है।

वहीं नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और झामुमो पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा यह पार्टी पैसे और परिवार के लिए राजनीति करती है। ऐसे पार्टियों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट देकर लोकतांत्रिक तरीके से चोट पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जेएमएम और राजद के नेतृत्व में चल रही ढाई साल के सरकार में विकास के कार्य नहीं हुए। यह लोग खुद कमाने में लगे हुए हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यह अवसर है भ्रष्टाचारियों को खदेड़ने का।

केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी मांडर विधानसभा चुनाव क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया और बीजेपी उम्मीदवार गंगोत्री कुजूर को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सरकार आदिवासी विरोधी,दलित विरोधी,महिला विरोधी ,पिछड़ा विरोधी सरकार साबित हुई है। पंचायत चुनाव में इस सरकार ने जनता को पूरी तरह धोखा दिया जिसके कारण जनता ने भी इसे अपनी ताकत का अहसास करा दिया है। आज सभी जिलों में गांव की सरकार भी भाजपा की सरकार बन रही।

प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने मांडर विधानसभा के टांगरबसली एवं लोयो पंचायत में आयोजित विभिन्न जनचौपाल में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अलग राज्य आंदोलन को झामुमो ने अपने परिवार की संपत्ति बढाने के लिए बेचने का काम किया तो वहीं कांग्रेस ने अपने सत्ता में बने रहने के लिए ऐसे लोगों से आंदोलन खरीदने का काम किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का जनहित से कोई लेना-देना नहीं है ये सिर्फ अपना घर भरने में लगे हुए हैं।


Copy