'अपराधियों-बलात्कारियों की पार्टी है RJD' : लालू यादव को बताया सरगना, सुशील मोदी ने बोला तगड़ा हमला

Edited By:  |
apradhiyon -balatkariyon ki party hai RJD apradhiyon -balatkariyon ki party hai RJD

पटना : पूर्व उप मुख्यमंत्री तथा राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने लालू यादव पर तगड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि विधायक अनंत सिंह को सजा होने से एक बार फिर साबित हुआ कि आरजेडी अपराधियों, भ्रष्टाचारियों और बलात्कारियों की पार्टी हैं। इसके सरगना चारा घोटाला के सभी मामलों में सजायाफ्ता लालू प्रसाद हैं।

सुशील मोदी ने कहा कि चारा घोटाला में तत्कालीन मुख्यमंत्री के अलावा तीन मंत्री- विद्यासागर निषाद, चंद्रदेव प्रसाद वर्मा और भोला राम तूूफानी को इस्तीफा देकर कर जेल जाना पड़ा था। आरजेडी के पूर्व मंत्री इलियास हुसैन को अलकतरा घोटाले में सजा हुई। उन्होंने कहा कि नाबालिग छात्रा से बलात्कार के मामले में आरजेडी विधायक राजबल्लभ यादव को सजा हुई और ऐसे ही मामले में पार्टी के संदेश से विधायक अरुण यादव फरार चल रहे हैं।

मोदी ने कहा आरजेडी ने हत्या-अपहरण के कई मामलों में सजायाफ्ता सीवान के बाहुबली शहाबुद्दीन को आजीवन संरक्षण दिया था। आरजेडी के राज्यसभा सदस्य एडी सिंह को फर्टिलाइजर घोटाले में जेल जाना पड़ा। सुशील मोदी ने कहा कि जिस दल में अपराधी चरित्र के लोग भरे पड़े हैं और प्रथम परिवार के कई सदस्य जमानत पर हैं, वे बिहार के गरीबों-युवाओं के मसीहा बनने के लिए नित नई नौटंकी करते हैं। उन्होंने कहा कि राजभवन मार्च भी नाटक था।


Copy