अपनी ही सरकार पर भड़के संजय जायसवाल : बोले- नहीं होगा परिणाम अच्छा, पुलिस की भूमिका पर उठाये गंभीर सवाल

Edited By:  |
apni hi sarkaar par bhadke sanjay jaiswal apni hi sarkaar par bhadke sanjay jaiswal

पटना : बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल अपनी ही सरकार पर भड़क गए हैं। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान चेतावनी देते हुए कहा कि हिंसा में पुलिस की भूमिका सही नहीं है। उन्होंने सूबे की पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की मौजूदगी में यह हिंसा किया जा रहा है। इस मामले में CM नीतीश और डीजीपी से बात करेंगे।

संजय जायसवाल ने मधेपुरा और नवादा में बीजेपी ऑफिस पर हुए हमले पर कहा है कि इन दोनों जगहों को पुलिस की मौजूदगी में आगजनी हुई है। अग्निपथ योजना के विरोध में बीजेपी को टारगेट किया गया है। संजय जायसवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन इसे नहीं रोकेगा तो किसी के लिए अच्छा नहीं होगा।

वहीँ सहयोगी दलों की आपत्ति पर संजय जायसवाल ने कहा कि किनको क्या आपत्ति है वो बताएं। विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 5 दिनों से विरोधी दलों के द्वारा एक खास एजेंडे के तहत बिहार को तबाह किया जा रहा है। यह बहुत ही गलत हो रहा है। विरोधी दलों की ओर से छात्रों को भड़काया जा रहा।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में 5 दिनों से जारी हंगामे के दौरान प्रशासन की भूमिका अच्छी नहीं रही। कहीं लाठीचार्ज नहीं किया गया। कहीं भी आंसू गैस नहीं चलाए गए। पुलिस प्रशासन एक्टिव नही है। संजय जायसवाल ने अपने आवास पर हुए हमले को लेकर कहा कि उनके घर को उड़ाने की साजिश थी।


Copy